MAP

यूक्रेन का युद्ध में ध्वस्त इमारत यूक्रेन का युद्ध में ध्वस्त इमारत  

बढ़ते रूसी हमलों के बीच अमरीका और यूरोप से जेलेंस्की की अपील

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अमेरिका और यूरोप से अटूट समर्थन की अपील की है, क्योंकि रूस ने वाशिंगटन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और अन्य विश्व नेताओं के साथ होनेवाली महत्वपूर्ण वार्ता से पहले कई यूक्रेनी शहरों पर घातक हमले तेज कर दिए हैं।

वाटिकन न्यूज

यूक्रेन, बुधवार, 20 अगस्त 2025 (रेई) : यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदीमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी सैनिक जानबूझकर, युद्ध को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रहने के बावजूद नागरिकों को निशाना बना रहे हैं।

उन्होंने कहा, "रूसी जानबूझकर लोगों, खासकर बच्चों की हत्या कर रहे हैं। अब तक, खार्किव में सात लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें सबसे छोटी बच्ची सिर्फ़ डेढ़ साल की थी। ज़ापोरिज्जिया में मिसाइल हमलों में 20 लोग घायल हुए और तीन की मौत हो गई। और ओदेसा में, एक अज़रबैजानी कंपनी के स्वामित्व वाले ऊर्जा संयंत्र पर जानबूझकर हमला किया गया।"

यूक्रेनी नेता ने ज़ोर देकर कहा कि यह समय कोई संयोग नहीं है। "वे जानते हैं कि युद्ध की समाप्ति पर चर्चा के लिए आज एक बैठक हो रही है। यूक्रेन के साथ, यूनाइटेड किंगडम, फ़्रांस, जर्मनी, इटली, फ़िनलैंड, यूरोपीय संघ और नाटो के नेता इसमें भाग लेंगे। हर कोई सम्मानजनक शांति और सच्ची सुरक्षा चाहता है।"

ज़ेलेंस्की ने पश्चिमी एकता के महत्व पर ज़ोर दिया, इस चिंता के बीच कि वाशिंगटन कीव की भागीदारी के बिना मास्को के साथ समझौता कर सकता है। उन्होंने कहा, "यह बहुत जरूरी है कि आप हमारे साथ हों। और हम अमेरिका से बात करें और साथ मिलकर बात करें। और यह भी जरूरी है कि वाशिंगटन हमारे साथ हो।"

उन्होंने रूस के इरादों के बारे में भी कड़ी चेतावनी दी। "पुतिन यूक्रेन और यूरोप पर दबाव बनाए रखने के साथ-साथ कूटनीतिक प्रयासों को नीचा दिखाने के लिए प्रदर्शनकारी हत्याएँ करेंगे। इसीलिए विश्वसनीय सुरक्षा गारंटी जरूरी है। युद्ध समाप्त होना ही चाहिए। और मास्को को यह शब्द सुनना ही होगा: रुको।"

ऊर्जा सुरक्षा को लेकर हंगरी और यूक्रेन के बीच तीखी बयानबाजी के साथ कूटनीतिक पृष्ठभूमि और भी जटिल हो गई। हंगरी के विदेश मंत्री, पीटर सिज्जार्तो ने कीव पर हंगरी को आपूर्ति करनेवाली रूसी तेल पाइपलाइन पर हमला करने का आरोप लगाया और इस हमले को "घृणास्पद और अस्वीकार्य" बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि हंगरी से मिलनेवाली बिजली यूक्रेन को ऊर्जा प्रदान करने में अहम भूमिका निभाती है।

यूक्रेन के विदेशमंत्री आंद्रेई सिबिहा ने सोशल मीडिया पर तुरंत पलटवार करते हुए सिज्जार्तो से कहा कि वे अपनी शिकायतें मास्को तक पहुँचाएँ। "पीटर, यह यूक्रेन नहीं,रूस है जिसने यह युद्ध शुरू किया और इसे समाप्त करने से इनकार कर रहा है। हंगरी को वर्षों से बताया जाता रहा है कि वह मास्को का एक अविश्वसनीय साझेदार है। और हंगरी ने रूस पर अपनी निर्भरता बनाए रखने की हर संभव कोशिश की है। अब आप अपनी शिकायतें — और धमकियाँ — मास्को में अपने दोस्तों को भेज सकते हैं।"

यह कटु बहस यूरोप के भीतर विभाजन को रेखांकित करती है क्योंकि वाशिंगटन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप के सबसे खूनी संघर्ष को समाप्त करने के तरीके पर महत्वपूर्ण वार्ता की मेजबानी कर रहा है।

ट्रम्प को सुरक्षा गारंटी और शांति की दिशा में संभावित रास्तों पर चर्चा करने के लिए ज़ेलेंस्की और प्रमुख यूरोपीय सहयोगियों के साथ मिलना था, हालांकि कीव अपनी प्रत्यक्ष भागीदारी के बिना किए गए किसी भी समझौते के प्रति सतर्क है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

20 अगस्त 2025, 15:43