MAP

हैती की राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस में असुरक्षा के बीच अराजकता  हैती की राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस में असुरक्षा के बीच अराजकता  

हैती में मारी गई दो धर्मबहनें

दक्षिण अमरीका के करिबियाई सागर स्थित द्वीप हैती में सेवारत सन्त तेरेसा को समर्पित धर्मसंघ की दो धर्मबहनों की हत्या कर दी गई।

वाटिकन सिटी

हैती, शुक्रवार, 4 अप्रैल 2025 (रेई, वाटिकन रेडियो): दक्षिण अमरीका के करिबियाई सागर स्थित द्वीप हैती में सेवारत सन्त तेरेसा को समर्पित धर्मसंघ की दो धर्मबहनों की हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि देश के प्रमुख गिरोहों को एक साथ लाने वाले गठबंधन विवर एनसेंबल ने देश पर नियंत्रण पुनः प्राप्त करने के प्रयास के जवाब में हिंसक हमला शुरू कर दिया है।

विवर एनसेंबल गिरोह गठबंधन ने सोमवार को राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस से लगभग 60 किलोमीटर दूर, मिरेबलैस के उपनगर पर हमला किया और सुरक्षा बलों के हस्तक्षेप के बावजूद, अभी भी शहर पर इसका नियंत्रण बना हुआ है।

धर्मबहनों की हत्या

हैती में घबराई हुई जनता शहर से भागकर पास के गांवों में शरण ले रही है। हिंसा की इस लहर में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें सन्त तेरेसा को समर्पित धर्मसंघ की दो धर्मबहनें, सि. इवानेट ओनेज़ायर और सि. जेने वोल्टेयर भी शामिल हैं, जिनकी पहचान पोर्ट-ऑ-प्रिंस के महाधर्माध्यक्ष मैक्स लेरॉय मेसिडोर ने की है।

इन दो धर्मबहनों की क्रूर हत्या 2022 में सिस्टर लुइसा डेल'ऑर्टो की हत्या और 6 अन्य ननों के अपहरण की याद दिलाती हैं, जिन्हें बाद में जनवरी 2024 में रिहा कर दिया गया था।

मिरेबलैस पर हमला

200,000 निवासियों वाले शहर मिरेबलैस के विरुद्ध गिरोहों द्वारा किया गया हिंसक हमला, अपनी तरह का पहला मामला नहीं है, तथा इसे गिरोह की गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए ट्रांजिशनल काउंसिल के प्रयास के विरुद्ध प्रतिशोध माना जा रहा है।

स्थानीय समाचार पत्र हैतियन टाइम्स के अनुसार, विवर एनसेंबल के सदस्यों ने मिरेबलैस जेल पर धावा बोलकर कम से कम पांच सौ कैदियों को मुक्त करा लिया। राष्ट्रीय पुलिस के साथ लड़ाई में कम से कम तीस बन्दी मारे गये।

मिरेबलैस को हैती का एक बहुत ही महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है क्योंकि यहाँ विश्वविद्यालयीन अस्पताल है, जो करीबियाई देश का सबसे उन्नत अस्पताल है और प्रतिदिन हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने में सक्षम है। इस शहर का सामरिक महत्व भी है क्योंकि यह हैती की दो मुख्य सड़कों के चौराहे पर स्थित है: एक जो राजधानी से उत्तरी तट की ओर और दूसरी डोमिनिकन गणराज्य की ओर जाती है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

04 अप्रैल 2025, 10:49