MAP

कस्तेल गंदोल्फो में पोप के निवास का उद्यान जिसे बोर्गो लौदातो सी कहा जाता है कस्तेल गंदोल्फो में पोप के निवास का उद्यान जिसे बोर्गो लौदातो सी कहा जाता है  (AFP or licensors)

बोर्गो लौदातो सी : पोप लियो नये पारिस्थितिक एवं आध्यात्मिक अध्याय शुरू करेंगे

बोर्गो लौदातो सी पारिस्थितिकी परियोजना के प्रबंध निदेशक फादर मानुएल दोरांतेस परियोजना के बारे बतला रहे हैं, जिसका आधिकारिक उद्घाटन पोप लियो 14वें शुक्रवार को करेंगे। वे बताते हैं कि यह पहल सभी के लिए खुली है, चाहे किसी की धार्मिक या अन्य संबद्धताएँ कुछ भी हों। उन्हें उम्मीद है कि कास्तेल गंदोल्फो (कभी विशेष ग्रीष्मकालीन पोप निवास) में स्थित उद्यानों और फार्म को देखनेवाले पर्यटक हमारे साझा घर, पृथ्वी की देखभाल के संदेश से प्रेरित होकर लौटेंगे।

वाटिकन न्यूज

इटली, बृहस्पतिवार, 4 सितम्बर 2025 (रेई) : रोम से लगभग 25 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित कास्तेल गंदोल्फो में पापा निवास और हरे-भरे बगीचे, इमारतों और बगीचों का एक विशाल परिसर है, जहाँ से अल्बानो झील दिखाई देती है। मूल रूप से, यह स्थल सम्राट दोमिनियन का था, लेकिन बाद में इसे वाटिकन द्वारा अधिग्रहित कर लिया गया और ऐतिहासिक रूप से यह संत पापाओं के ग्रीष्मकालीन निवास के रूप में प्रयोग किया जाता है।

पोप लियो 14वें और लौदातो सी परियोजना

इस सप्ताह, पोप लियो 14वें, बोर्गो लौदातो सी पारिस्थितिकी परियोजना के रूप में कास्टेल गंदोल्फो संपत्ति के एक बड़े हिस्से का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे। 135 एकड़ में फैली यह पहल अब अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों और आगंतुकों को विभिन्न भाषाओं में बगीचों, कृषि भूमि, लौदातो सी शैक्षिक केंद्र, रेस्टोरेंट और बाज़ार का एक घंटे का निर्देशित दौरा प्रदान करेगी।

एक ओर, यह शैक्षिक केंद्र विशेष रूप से एक दिन या लंबे समय तक रहनेवाले आगंतुकों, धर्मप्रांतीय और पल्ली दलों, धर्मबहनों, पुरोहितों, धर्माध्यक्षों, स्कूली बच्चों, विश्वविद्यालयों, कमजोर समुदायों और धर्माध्यक्षीय सम्मेलनों के प्रतिनिधिमंडलों के लिए खुला रहेगा, जो इस मॉडल को अपनाना चाहेंगे। वहीं दूसरी ओर इसमें विशेष रूप से व्यावसायिक जगत के लिए डिज़ाइन किए गए कोर्स शामिल होंगे, जो मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और उद्योग जगत के नेताओं को लक्षित करेंगे। फिर भी, बोर्गो लौदातो सी के प्रबंधन निदेशक, फादर मानुएल दोरांतेस ने दोहराया, कि केंद्र में सभी का स्वागत है।

यह परियोजना पोप फ्राँसिस के दृष्टिकोण को दर्शाती है, जिन्होंने सबसे पहले पोप के निवास को जनता के लिए खोला और 2023 में इस पहल की शुरुआत की। पोप फ्राँसिस का उद्देश्य पर्यावरणीय मुद्दों पर प्रशिक्षण और जागरूकता बढ़ाने के लिए एक समर्पित स्थान बनाकर पारिस्थितिक शिक्षा को बढ़ावा देना था।

हालांकि फादर दोरांतेस ने वाटिकन न्यूज़ को बताया कि पोप का आवास पोप के उपयोग के लिए आरक्षित रहेगा, लेकिन पोप लियो 14वें ग्रीष्मावकाश के समय आगंतुकों के साथ इस उद्यान को खुशी से साझा किये। पोप ने आगंतुकों के जाने के बाद, दोपहर के समय उद्यान में अपनी दैनिक सैर और प्रार्थना करने का विकल्प चुना।

पोप फ्रांसिस को समर्पित एक दाखलता

कई मायनों में, पोप फ्राँसिस और पोप लियो 14वें, दोनों का यह खुलापन, दोनों संत पापाओं की कास्तेल गंदोल्फो और उसके प्राचीन परिवेश को साझा करने की इच्छा का एक उल्लेखनीय प्रमाण है, जो पहले केवल पोप के उपयोग के लिए आरक्षित था।

कास्टेल गंडोल्फो संपत्ति पर आगंतुक अब बगीचों का भ्रमण कर सकते हैं और माता मरियम की प्रतिमा के समक्ष प्रार्थना कर सकते हैं, जहाँ कहा जाता है कि विभिन्न संत पापाओं ने कलीसिया की माता मरियम के समक्ष कलीसिया के बोझ रखे। भ्रमण के दौरान, आगंतुक दोमिनियन के प्राचीन रोमन खंडहर, वाटिकन वेधशाला, फार्म, मूर्तियाँ और वहाँ फैली दुर्लभ कलाकृतियाँ देख सकेंगे।

फादर दोरांतेस के अनुसार, छोटेवाले की जगह एक नया, बड़ा अंगूर का बाग भी विकसित किया गया है। एक इतालवी विश्वविद्यालय के सहयोग से, पोप फ्रांसिस को समर्पित एक नया अंगूर का बाग लगाया गया है। फादर दोरांतेस का एक अनुमान है कि यह दाखरस 2029 में बोतलबंद होने के लिए तैयार हो जाएगी।

परिसर में, निर्माणाधीन एक नए हिस्से में एक रेस्टोरेंट क्षेत्र है जहाँ खेत से प्राप्त उत्पाद परोसे जाएँगे, साथ ही एक बाज़ार भी है जहाँ जैतून का तेल, शहद, डेयरी उत्पाद और अन्य उत्पाद उपलब्ध होंगे। आगंतुकों को पनीर बनाने जैसी गतिविधियों में भी भाग लेने का अवसर मिलेगा।

परियोजना का आध्यात्मिक केंद्र

बोर्गो लौदातो सी परियोजना के केंद्र में कलीसिया का समग्र पारिस्थितिकी का दृष्टिकोण है, जैसा कि पोप के विश्वपत्र, लौदातो सी में व्यक्त किया गया है। यह एक ऐसा दृष्टिकोण है जो आस्था को पृथ्वी और उसके लोगों की वास्तविक देखभाल के साथ जोड़ता है। कलीसिया को उम्मीद है कि दुनिया भर के धर्मप्रांतों में भी इसी तरह की लौदातो सी परियोजनाएँ शुरू होंगी।

इस संपत्ति पर हाल ही में निर्मित नए उच्च शिक्षा केंद्र, लौदातो सी को इस सप्ताह शुक्रवार को पोप लियो 14वें द्वारा आशीष दिए जाने की उम्मीद है। पूरी तरह से चालू होने पर, यह लौदातो सी, जैविक खेती, टिकाऊ प्रथाओं और पारिस्थितिक नेतृत्व प्रशिक्षण पर कोर्स प्रदान करेगा। इस प्रकार, केंद्र की आध्यात्मिकता को हमारे साझा ग्रह की देखभाल की तत्काल आवश्यकता को पूरा करनेवाले अनुकूलित कोर्सों के माध्यम से पोषित किया जाएगा।

लौदातो सी परियोजना के प्रबंध निदेशक, मैक्सिकन फादर मैनुएल दोरेंतेस, अमेरिका में शिकागो महाधर्मप्रांत के एक पुरोहित हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

04 सितंबर 2025, 16:31