MAP

बोर्गो लाओदातो सी उद्यान में मरियम प्रतिमा के समक्ष सन्त पापा लियो, 05.09.2025 बोर्गो लाओदातो सी उद्यान में मरियम प्रतिमा के समक्ष सन्त पापा लियो, 05.09.2025  (ANSA)

सृष्टि की देखभाल हमारा कर्तव्य है, सन्त पापा लियो

रोम शहर के परिसर में कास्टेल गोन्दोल्फो स्थित परमधर्मपीठीय प्रेरितिक प्रासाद के उद्यान में शुक्रवार को सन्त पापा लियो 14 वें ने बोर्गो लाओदातो सी उपवन का उद्घाटन किया

वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शनिवार, 6 सितम्बर 2025 (रेई, वाटिकन रेडियो): रोम शहर के परिसर में कास्टेल गोन्दोल्फो स्थित परमधर्मपीठीय प्रेरितिक प्रासाद के उद्यान में शुक्रवार को सन्त पापा लियो 14 वें ने बोर्गो लाओदातो सी उपवन का उद्घाटन किया तथा इसे समग्र पारिस्थितिकी को बनाए रखने और पोषित करने के लिए एक आदर्श निरूपित किया।

कलीसिया की प्रतिबद्धता

लाओदातो सी उपवन की परियोजना को "आशा का बीज" और पारिस्थितिक रूपांतरण के लिए एक आदर्श बताते हुए सन्त पापा ने याद किया कि सन्त पापा फ्रांसिस द्वारा सर्वप्रथम परिकल्पित यह परियोजना, सृष्टि और सर्वाधिक कमज़ोर लोगों की देखभाल के लिए कलीसिया की प्रतिबद्धता के जीवंत साक्ष्य के रूप में आध्यात्मिकता, शिक्षा, इतिहास, प्रकृति, कला और सतत नवाचार को एक साथ लाती है।  

परिसर के मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही, सन्त पापा ने वहाँ उपस्थित तीर्थयात्रियों, परिवारों और आगंतुकों का अभिवादन किया और उस भावना को जीवंत किया जिसे उन्होंने बाद में "स्वागत" के केंद्रीय विषय के रूप में वर्णित किया, एक ऐसा सिद्धांत जो सृष्टि की देखभाल को एकजुटता और मानवीय गरिमा के साथ जोड़ता है।

अखण्ड पर्यावरण का आह्वान

परियोजना की सतत गतिशीलता के प्रति प्रतिबद्धता के प्रतीक रूप में सन्त पापा एक इलेक्ट्रिक कार से ऐतिहासिक लिटिल मैडोना गार्डन में रुके, जहाँ ग्रीष्म ऋतु की शुरुआत में उन्होंने सृष्टि की देखभाल को समर्पित ख्रीस्तयाग अर्पित किया था। इसे "प्राकृतिक गिरजाघर" कहते हुए, सन्त पापा ने एक बार फिर सभी को पारिस्थितिक परिवर्तन, जीवनशैली पर चिंतन और हमारे साझा घर की देखभाल के प्रति और अधिक ज़िम्मेदारी के लिये आमंत्रित किया।

प्रेरितिक प्रासाद के बागीचों एवं प्राचीन खंडहरों से गुजरते हुए, उन्होंने श्रमिकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों से मुलाकात की और उन्हें बोर्गो में उगाई जाने वाली 3,000 से ज़्यादा पौधों और वृक्षों की प्रजातियों की देखभाल के लिए धन्यवाद दिया।

शब्द की धर्मविधि

दिन का समापन नवनिर्मित ग्रीनहाउस में हुआ, जो एक बहुक्रियाशील और शुद्ध-शून्य ऊर्जा परिसर है और बोर्गो लाओदातो सी परियोजना का केंद्रबिंदु है। यह एक उच्च शिक्षा केंद्र का मुख्यालय भी है जो पारिस्थितिक स्थिरता के लिए समर्पित सभी प्रकार की पहलों की मेज़बानी के प्रति समर्पित है। यहाँ, सन्त पापा लियो 14 वें ने शब्द की धर्मविधि की अध्यक्षता की। धर्मविधि के दौरान इटली के मशहूर गायक आन्द्रेया बोच्चेल्ली तथा उनके बेटे मातेओ ने संगीतमय प्रार्थना को सुर दिया।

इस अवसर पर प्रवचन में सन्त पापा ने सन्त मत्ती रचित सुसमाचार पर चिन्तन किया और येसु के निमंत्रण का स्मरण दिलाया कि “आकाश के पक्षियों को देखो” और “मैदान में खिलने वाली कुमुदनी को निहारो।” सन्त पापा ने कहा कि ईश्वरीय योजना में प्रत्येक प्राणी की एक महत्वपूर्ण और विशिष्ट भूमिका है, और प्रत्येक प्राणी “भला” है।

आस्था की जीवन्त प्रयोगशाला

सन्त पापा लियो ने स्पष्ट किया, "सृष्टि की देखभाल करना सचमुच प्रत्येक मनुष्य का कर्तव्य है। हम सभी प्राणियों में प्राणी हैं, और हमें सृष्टिकर्ता द्वारा रची गई हर चीज़ की देखभाल करने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।"

उन्होंने कहा कि बोर्गो लाओदातो सी का उद्देश्य आस्था और स्थिरता की एक "जीवंत प्रयोगशाला" बनना है। उन्होंने कहा, "आज हम जो देख रहे हैं वह असाधारण सुंदरता का एक संश्लेषण है, जहाँ आध्यात्मिकता, दैनिक जीवन और तकनीक एक साथ सामंजस्य में रहते हैं। यह निकटता और मिलनसारी का स्थान है तथा एक ऐसा बीज है जो न्याय और शांति के फल दे सकता है।"

लौदातो सी उद्यान का उद्घाटन

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

06 सितंबर 2025, 11:19