MAP

अप्रैल महीने की प्रार्थना मनोरथ: प्रौद्योगिकी से सभी को लाभ मिले

अप्रैल के लिए अपनी प्रार्थना की प्रेरिताई हेतु प्रकाशित एक वीडियो संदेश में, संत पापा ने प्रौद्योगिकी को सभी की सेवा में लगाने का आग्रह किया, विशेष रूप से उन लोगों की जिन्हें सबसे अधिक आवश्यकता है।

वाटिकन न्यूज

वाटिकन सिटी, बुधवार 02 अपैल 2025 : संत पापा फ्राँसिस ने अप्रैल महीने की अपनी प्रार्थना की प्रेरिताई में नई प्रौद्योगिकियों और इस आशा को समर्पित किया कि उनका उपयोग "मानवीय संबंधों की जगह नहीं लेगा, व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करेगा और हमें अपने समय के संकटों का सामना करने में मदद करेगा।"

सोशल नेटवर्क की दुनिया में

सोशल मीडिया के रुझानों और कृत्रिम बुद्धिमता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के लगातार बढ़ते क्षेत्र से भरी दुनिया में,  संत पापा फ्राँसिस इस बात पर जोर देते हैं कि "प्रौद्योगिकी ईश्वर द्वारा हमें दी गई बुद्धिमत्ता का फल है।" हालाँकि, वे इसका दुरुपयोग करने के खिलाफ चेतावनी देते हैं - क्योंकि इसके नकारात्मक परिणाम हो सकते हैं।

विश्व आर्थिक मंच से संत पापा ने कहा कि एआई को मानव गरिमा को बढ़ावा देना चाहिए और उसका कभी उल्लंघन नहीं करना चाहिए।

उदाहरण के लिए, संत पापा अलगाव की समस्याओं और सच्चे रिश्तों की अनुपस्थिति का संकेत देते हैं। वे कहते हैं, "अगर हम लोगों के साथ रहने की तुलना में अपने सेल फोन पर अधिक समय बिताते हैं तो कुछ गड़बड़ है।" संत पापा फ्राँसिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी रूप में स्क्रीन का बढ़ता उपयोग "हमें यह भूला देता है कि इसके पीछे असली लोग हैं जो सांस लेते हैं, हंसते हैं और रोते हैं।" परिणामस्वरूप, सोशल मीडिया नेटवर्क पर साइबरबुलिंग और घृणा बढ़ने लगती है।

इसके अलावा, प्रौद्योगिकी एक ऐसी वस्तु है जिसका लाभ "केवल कुछ लोगों को ही नहीं बल्कि सबको मिलना चाहिए" क्योंकि इससे आर्थिक, सामाजिक, श्रम, शैक्षिक और अन्य असमानताएँ पैदा होती हैं।

प्रौद्योगिकी मनुष्य की सेवा में

इन खतरों से बचने के लिए, संत पापा सभी को "मानव व्यक्ति की सेवा में प्रौद्योगिकी को लगाने" के लिए प्रोत्साहित करते हैं - लोगों को एकजुट करने, ज़रूरतमंदों की मदद करने, बीमारों के जीवन को बेहतर बनाने, मुलाकात की संस्कृति को बढ़ावा देने और ग्रह की रक्षा करने के साधन के रूप में।

प्रौद्योगिकी का उद्देश्य मनुष्य को वास्तविकता और रिश्तों से अलग करना नहीं है। इसलिए, संत पापा फ्राँसिस सभी को "स्क्रीन पर कम देखने" और "एक-दूसरे की आँखों में ज़्यादा देखने" के लिए आमंत्रित करते हैं। रिश्तों के साथ प्रौद्योगिकी को संतुलित करने से हम में से हर एक को "यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि वास्तव में हम भाई, बहन, एक ही पिता की संतान हैं।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

02 अप्रैल 2025, 14:35