MAP

मरियम की फ्रांँसिस्कन मिशनरी धर्मबहनें झुग्गी-झोपड़ियों में बच्चों की मदद करती हैं मरियम की फ्रांँसिस्कन मिशनरी धर्मबहनें झुग्गी-झोपड़ियों में बच्चों की मदद करती हैं 

भारत में हाशिये पर पड़े लोगों को उठाने के लिए विश्वास के साथ आगे बढ़ती धर्मबहनें

अपनी संस्थापिका, दुःखभोग की धन्य मरियम से प्रेरित होकर, भारत में मरियम की फ्राँसिस्कन मिशनरी धर्मबहनें गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करती हैं। संत फ्रांसिस रीजन में, ये धर्मबहनें मुख्य रूप से बच्चों, वयस्कों और महिलाओं को शिक्षा प्रदान करके, लोगों को तस्करी से बचाकर, पुनर्वास में सहायता करके, और उनके जीवन में आशा एवं परिवर्तन लाकर उनकी सेवा करती हैं।

सि. सुजीता सुदारविज्ही, एफएमएम

फ्राँसिस्कन मिशनरीज ऑफ मेरी धर्मसंघ की स्थापना 1877 में भारत में दुःखभोग की धन्य मरियम ने की थी। उन्होंने अपनी धर्मबहनों को आशा, शांति, आनंद और चंगाई के माध्यम बनने के लिए आमंत्रित किया।

आज, दुनियाभर के 71 देशों में लगभग 5,000 एफएमएम धर्मबहनें हैं, जो शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक न्याय और प्रेरितिक देखभाल के लिए समर्पित हैं।

एफएमएम धर्मबहनें भारत के चार रीजन में सेवा करती हैं, और उनमें से एक रीजन है संत फ्राँसिस। इसमें उत्तर भारत के आठ राज्य शामिल हैं: दिल्ली, जम्मू और कश्मीर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश। इसलिए, इस क्षेत्र को विविध सांस्कृतिक, भाषाई और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

इस क्षेत्र में सेवारत सिस्टर बेन्सी मरिया संगीतम कहती हैं कि "प्रत्येक क्षेत्र की अपनी चुनौतियाँ हैं, और हम इन भिन्नताओं का सामना करने की पूरी कोशिश करती हैं।" वे आगे कहती हैं, "हम कई मिशन गतिविधियों में शामिल हैं, जिससे हमें हाशिए पर पड़े और ज़रूरतमंद लोगों तक पहुँचने में मदद मिलती है, खासकर, उन लोगों की आवाज बनने में जो बेज़ुबान हैं।"

संत फ्राँसिस क्षेत्र के 19 जीवंत समुदायों में लोगों के बीच रहते हुए, ये धर्मबहनें उनके साथ चलती हैं और करुणा, शिक्षा और वकालत के माध्यम से उनकी वास्तविकताओं का सामना करती हैं।

ये धर्मबहनें आसपास के लोगों के लिए आशा की किरण बन जाती हैं, और वे बाहरी लोगों की तरह व्यवहार नहीं करतीं। बल्कि, वे लोगों की आशाओं, संघर्षों और सपनों का हिस्सा होती हैं। यही निकटता उन्हें सुसमाचार की विश्वसनीय और भविष्यसूचक साक्षी बनाती है।

महिलाओं और बच्चों की शिक्षा के लिए पहुँच कार्यक्रम

एफएमएम धर्मबहनों ने इस क्षेत्र के सबसे जीवंत सामाजिक कार्य केंद्रों में से एक की स्थापना की है।

त्रिलोकपुरी शहर में, उन्होंने दिशा केंद्र पहुँच कार्यक्रम लागू किया है, जिसके माध्यम से वे आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों और हाशिए पर पड़े इलाकों में आवश्यक सहायता और सशक्तिकरण प्रदान करती हैं।

सिस्टर बेन्सी ने अनुसार, पहुँच कार्यक्रम ने महिलाओं और बच्चों को कई तरह से लाभान्वित किया है, जिससे उन्हें आज की दुनिया में बेहतर भविष्य बनाने का मौका मिला है।

इसके जवाब में, धर्मबहनों ने बच्चों और वयस्कों, दोनों के लिए सुधारात्मक कक्षाएँ और बोलचाल की अंग्रेजी के पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। उन्होंने महिलाओं और किशोरियों के लिए कंप्यूटर साक्षरता और सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण भी शुरू किया।

बच्चों, वयस्कों और महिलाओं से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया से धर्मबहनें उत्साहित हैं और इससे उन्हें समुदाय में बदलाव लाने की दिशा में काम करते रहने की उम्मीद है।

आउटरीच कार्यक्रमों के परिणाम जल्द ही दिखाई देने लगे हैं। कुछ महिलाओं को वस्त्र कंपनियों में नौकरी मिल गई हैं, जबकि कुछ ने सिलाई सीखकर खुद काम करना शुरू किया है। लाभार्थियों का कहना है कि उन्हें अपने परिवार को आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास एवं उम्मीद है और वे आभारी हैं।

बेंसी कहती हैं, "जैसे पक्षी आशा और विश्वास के साथ अपने घोंसले बनाना शुरू करते हैं, वैसे ही हमने भी इस परियोजना की शुरुआत अपने दिलों में आशा और ईश्वर पर विश्वास के साथ की है। ईश्वर हमारी नींव और शक्ति हैं, और हमें विश्वास है कि वे इस मिशन को आगे बढ़ाएँगे एवं इसके लिए हमारे दिलों और हाथों को प्रेरित करेंगे, और हम खुश हैं।"

आउटरीच कार्यक्रम महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण देकर उनका समर्थन करता है
आउटरीच कार्यक्रम महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण देकर उनका समर्थन करता है

चिकित्सा शिविर और मानव तस्करी से सुरक्षा

इन आउटरीच कार्यक्रमों के तहत, धर्मबहनें स्वास्थ्य सेवा तक पहुँच के लिए नियमित चिकित्सा शिविर भी लगाती हैं, बाल संरक्षण और मानव तस्करी की रोकथाम पर जागरूकता कार्यक्रम चलाती हैं।

सिस्टर बेन्सी ने कहा, "हम इस क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाना चाहती हैं क्योंकि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में मानव तस्करी आम होती जा रही है और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही, खासकर बच्चों में, मौत का कारण बनती है।"

आउटरीच कार्यक्रम बच्चों को कंप्यूटर कौशल हासिल करने का अवसर प्रदान करता है
आउटरीच कार्यक्रम बच्चों को कंप्यूटर कौशल हासिल करने का अवसर प्रदान करता है

केंद्र में यूखरिस्त

एफएमएम की स्थापना एक मिशनरी भावना से की गई थी ताकि दुनिया के कोने-कोने तक पहुँचा जा सके, खासकर, जहाँ ईसा मसीह को सबसे कम जाना और प्यार किया जाता है।

संत फ्राँसिस क्षेत्र में, यह करिश्मा जीवंत रूप से जीवित है। यहाँ, मिशन केवल संस्थाओं तक सीमित नहीं है; यह सड़कों, घरों और बाज़ारों में भी प्रकट होता है।

संत फ्राँसिस की विनम्रता और धन्य मरियम के साहस से प्रेरित होकर, ये बहनें सादगी से जीवन जीती हैं और पूरी निष्ठा से सेवा करती हैं। उनका मिशन प्रेमपूर्ण सेवा में लोगों का साथ देना है।

जैसा कि उनके संविधान में लिखा है, यूखारिस्ट धर्मबहनों के जीवन का केंद्र है, "ईसा मसीह के बलिदान में हमारी भागीदारी, यूखारिस्तीय संस्कार की आराधना, हमारे पूरे अस्तित्व को निरंतर स्तुति, अर्पण और मध्यस्थता से भर देती है।"

धर्मबहनें झुग्गी-झोपड़ियों में जाकर उनके जीवन के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करती हैं।
धर्मबहनें झुग्गी-झोपड़ियों में जाकर उनके जीवन के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करती हैं।

आज, एफएमएम धर्मबहनें यूखारिस्त को हर दिन जीने का प्रयास करती हैं, इसे तोड़ती और दूसरों के लिए बाँटती हैं, चाहे वह दिल्ली की भीड़-भाड़ वाली गलियों में हो या झारखंड के जंगलों में।

उनका प्रेम भाव विस्मृत लोगों को ऊपर उठाता है, दूसरों को अन्यायपूर्ण व्यवस्थाओं का सामना करने का साहस देता है और टूटे हुए लोगों में मसीह को पहचानने का विश्वास देता है।

धर्मबहनें इस बात की याद दिलाती हैं कि मसीह का प्रेम दुनिया में करुणा के हर कार्य के माध्यम से जीवित और सक्रिय है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

22 अगस्त 2025, 11:26